राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का विशाल भंडारा, गूंजा नारा- देश को नफरत नहीं, राहुल जैसा नेतृत्व चाहिए
गोरखपुर में राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस ने विशाल भंडारे का आयोजन किया। कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, संविधान और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का संकल्प लिया।
विभव पाठक /ब्यूरो चीफ
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। नेता प्रतिपक्ष **** के जन्मदिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को गोलघर स्थित इंदिरा बाल विहार में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने किया। इस दौरान हजारों लोगों को प्रसाद वितरित किया गया तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनहित, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में देश महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक विभाजन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे दौर में राहुल गांधी लगातार जनता की आवाज़ उठाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध, सत्ता के दबाव और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद राहुल गांधी ने आम लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना नहीं छोड़ा है।
राजेश तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी का जन्मदिवस केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान, सामाजिक न्याय और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश का युवा, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग आज अपने अधिकारों की लड़ाई में राहुल गांधी के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।
भंडारे के दौरान उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राहुल गांधी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही यह संकल्प भी लिया गया कि जनता के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों की सुरक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष और अधिक मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम में मीडिया सेल चेयरमैन गोरखलाल श्रीवास्तव, कमांडो कमल किशोर, प्रमोद नायक, सदल प्रसाद, श्रवण पाण्डेय, सतेंद्र निषाद, जयंत पाठक, डॉ. चिन्मय पाण्डेय, विशाल तिवारी, राजीव कुमार पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।
भंडारे में आए लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर राहुल गांधी को शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे संगठन की एकजुटता और जनसंपर्क का महत्वपूर्ण अवसर बताया।









