संवेदनशील समय में संयम ही समाधान: भारतीय आदर्श व्यापार मंडल

संवेदनशील समय में संयम ही समाधान: भारतीय आदर्श व्यापार मंडल

निष्पक्ष जन अवलोकन

 प्रमोद सिन्हा

 गाज़ीपुर कटरिया गांव में घटित हालिया घटना अत्यंत दुःखद, दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। इस प्रकार की घटनाएं न केवल समाज को आहत करती हैं, बल्कि क्षेत्र की शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती उत्पन्न करती हैं। भारतीय आदर्श व्यापार मंडल इस दुखद घटना में पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है और इस कठिन समय में उनके साथ पूर्ण रूप से खड़ा है। भारतीय आदर्श व्यापार मंडल का मानना है कि ऐसे संवेदनशील समय में समस्त समाज को संयम, धैर्य एवं आपसी भाईचारे का परिचय देते हुए एकजुट रहने की आवश्यकता है। वर्तमान में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ अपना दायित्व निभा रहे हैं, तथा अभियुक्त की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। ऐसी स्थिति में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं उनके प्रतिनिधिमंडलों से विनम्रतापूर्वक अनुरोध है कि वे कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए अपने आगमन को फिलहाल सीमित/नियंत्रित रखें। बार-बार बड़े स्तर पर प्रतिनिधिमंडलों के आगमन से क्षेत्र में अनावश्यक भीड़-भाड़ उत्पन्न होती है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। यह क्षेत्र व्यापारिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां आसपास के बाजारों में हजारों व्यापारी अपने दैनिक व्यवसाय के माध्यम से अपने परिवारों का भरण-पोषण करते हैं। वर्तमान परिस्थितियों के कारण व्यापार भी प्रभावित हो रहा है, जिससे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। व्यापारियों पर बैंक ऋण, किश्तों, करों एवं बच्चों की शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।भारतीय आदर्श व्यापार मंडल यह भी आग्रह करता है कि यदि कोई भी राजनीतिक दल या सामाजिक संगठन पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करना चाहता है, तो वे बिना क्षेत्र में भीड़ बढ़ाए, दूर रहकर भी आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान कर सकते हैं। यही सच्ची संवेदनशीलता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक होगा।अंत में, भारतीय आदर्श व्यापार मंडल सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे अफवाहों से बचें, शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में अमन-चैन एवं सामान्य स्थिति शीघ्र बहाल हो सके।