मथुरा में श्रीकान्त त्यागी का भव्य स्वागत, दाऊजी महाराज के दर्शन कर किया बड़ा राजनीतिक ऐलान

मथुरा में श्रीकान्त त्यागी का भव्य स्वागत, दाऊजी महाराज के दर्शन कर किया बड़ा राजनीतिक ऐलान

निष्पक्ष जन अवलोकन

राहुल शर्मा 

मथुरा। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी ने मंगलवार को मथुरा पहुंचकर ब्रज के राजा दाऊजी महाराज एवं माता रेवती जी के दर्शन किए और विधि-विधान से यज्ञ-हवन कर देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर खुलकर अपने विचार रखे। श्रीकान्त त्यागी ने उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही ब्राह्मण हत्याओं और समाज पर बढ़ते अत्याचारों को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज के सम्मान और सुरक्षा के लिए राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल मजबूती से आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए सरकार को इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाने की सलाह दी। मथुरा आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष करण शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता साफ दिखाई दी। अपने संबोधन में श्रीकान्त त्यागी ने घोषणा की कि मथुरा में जल्द ही एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी की आगामी रणनीतियों और संगठन विस्तार पर चर्चा होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल 2027 के विधानसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 84 सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाकर समतामूलक समाज की स्थापना और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्रीकान्त त्यागी के इस दौरे को पार्टी के लिए एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।