चौथे बड़े मंगलवार पर क्षेत्रभर में भक्ति और सेवा का संगम, जगह-जगह लगे भंडारे

चौथे बड़े मंगलवार पर क्षेत्रभर में भक्ति और सेवा का संगम, जगह-जगह लगे भंडारे

निष्पक्ष जन अवलोकन।

रामशंकर वर्मा।

बाराबंकी। ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार पर रामनगर क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों और भंडारों की धूम रही। ग्राम बरियारपुर स्थित झड़ूले दास बाबा मंदिर, पक्का तालाब हनुमान मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया।

ग्राम सीहामऊ स्थित बाबा मोती गिरी मंदिर परिसर में गरिमा ट्रेडर्स लखनऊ के संचालक निर्मल कुमार अवस्थी उर्फ गुड्डू द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वीर बजरंगबली एवं बाबा मोती गिरी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भक्ति रस में डूबकर सहभागिता की।

भंडारे में श्रद्धालुओं को सब्जी-पूड़ी, चावल, बुंदिया एवं कोल्ड ड्रिंक का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इसी क्रम में रानीगंज स्थित महार मोड़ के पास विपिन मिश्रा एवं रूपेश मिश्रा द्वारा आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं को छोले-चावल और बुंदिया का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं ग्राम सिरकौली निवासी मोहित सिंह द्वारा बुढ़वल चौराहे पर आयोजित भंडारे में भी बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

देर शाम तक चले इन धार्मिक आयोजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा और लोगों ने सेवा भाव एवं धार्मिक आस्था की सराहना की।