गोरखपुर: मिट्टी में दबा मिला मजदूर का शव, पत्नी ने की पहचान, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर के भटहट कस्बे में मिट्टी में दबा एक मजदूर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पत्नी ने शव की पहचान मिंटू के रूप में की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के भटहट कस्बे में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दलाल चौराहे के पास मिट्टी में दबा एक युवक का शव बरामद हुआ। राहगीरों की सतर्कता से इस घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मिट्टी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे कुछ लोग दलाल चौराहे से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर से बाहर निकले एक हाथ पर पड़ी। पहले लोगों को लगा कि यह कोई सामान्य वस्तु होगी, लेकिन करीब जाकर देखने पर मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मिट्टी हटाने का कार्य शुरू कराया। काफी देर की मशक्कत के बाद मिट्टी के नीचे दबा एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
पुलिस को शव के पास एक झोला भी मिला, जिसमें रोटी, सब्जी, शराब का पैकेट, हरी मिर्च, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शॉल बरामद हुई। बरामद सामान के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच सूचना मिलने पर एक महिला अपने दो बच्चों के साथ मौके पर पहुंची और शव की पहचान अपने पति के रूप में की।
महिला ने अपना नाम नीता देवी बताया और मृतक की पहचान मिंटू पुत्र जनार्दन, निवासी जनपद देवरिया के रूप में की। नीता देवी ने बताया कि उनके पति पिछले लगभग पांच वर्षों से गुलरिहा थाना क्षेत्र के तरकुलहां इलाके में रहकर मजदूरी करते थे। हाल के दिनों में वह जंगल कौड़िया क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में गिट्टी फैलाने का काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पिछले करीब दस दिनों से वह इसी कार्य में लगे हुए थे।
मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं। बेटा लगभग आठ वर्ष का और बेटी चार वर्ष की है। पति की मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटनास्थल पर ही पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जिसे देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
प्रभारी निरीक्षक जगदीश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मृत्यु के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।









