400 रुपये के विवाद में खूनी संघर्ष, धारदार हथियार से हमला

400 रुपये के विवाद में खूनी संघर्ष, धारदार हथियार से हमला

निष्पक्ष जन अवलोकन/अमर नाथ शर्मा सोनभद्र/ म्योरपुर थाना क्षेत्र के सुपाचुआं गांव में महज 400 रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुरुवार रात हुई मारपीट में धारदार हथियार से हमले में पांच लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, परनी गांव में आयोजित एक छठी कार्यक्रम के लिए सुपाचुआं गांव से 500 रुपये में बैंडबाजा बुक किया गया था। बुकिंग के समय 100 रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि 400 रुपये बकाया थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों पक्ष सुपाचुआं गांव पहुंचे, जहां गुरुवार रात करीब साढ़े सात बजे बकाया रकम को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में 40 वर्षीय मिश्रीलाल, 35 वर्षीय किशुनदेव, 32 वर्षीय ब्रह्मदेव पुत्रगण मोहन तथा उनके बहनोई 40 वर्षीय श्रवण कुमार निवासी सरडीहा गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे पक्ष के 45 वर्षीय ईश्वर पुत्र रामाधीन निवासी सुपाचुआं को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया। चिकित्सक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि कई घायलों के सिर, पेट, छाती और पीठ पर गंभीर चोटें हैं। गंभीर रूप से घायल तीन भाइयों और उनके बहनोई को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि 400 रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।