गीडा में फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे सीएम योगी, 208 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 जून को गीडा में प्रदेश के दूसरे फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करेंगे। साथ ही 208 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं और श्रमिक आवासीय परिसर का भी लोकार्पण करेंगे।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर, 2 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में प्रदेश के दूसरे फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। गीडा के सेक्टर-13 में 42.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अत्याधुनिक परियोजना पूर्वांचल में औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री लगभग 208 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की औद्योगिक विकास की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से गीडा क्षेत्र में यह फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स तैयार किया गया है। कानपुर के बाद यह उत्तर प्रदेश का दूसरा फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स है। प्लग एंड प्ले मॉडल पर आधारित इस परियोजना का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को आधुनिक और सुविधायुक्त कार्यस्थल उपलब्ध कराना है।
गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक के अनुसार लगभग 2.68 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित इस परिसर में इंडस्ट्रियल ब्लॉक और यूटिलिटी ब्लॉक का निर्माण कराया गया है। जी प्लस थ्री स्वरूप के इंडस्ट्रियल ब्लॉक में 80 औद्योगिक इकाइयों के लिए स्थान उपलब्ध कराया गया है, जबकि यूटिलिटी ब्लॉक में बैंक, गोदाम, शोरूम तथा अन्य व्यावसायिक सुविधाओं के लिए 42 यूनिट्स बनाई गई हैं। सभी मूलभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध होने के कारण उद्यमी आवंटन के बाद तुरंत अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे।
अधिकारियों के अनुसार इस फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स से प्रत्यक्ष रूप से लगभग एक हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। विशेष रूप से रेडीमेड गारमेंट, आईटी, फार्मा तथा अन्य प्रदूषण रहित उद्योगों को इससे बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर गीडा के विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में 71 विकास कार्यों का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। लगभग 207.96 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं में सड़क, नाली, पुलिया, विद्युत व्यवस्था, सीवरेज नेटवर्क, वेस्ट मैनेजमेंट तथा जल शोधन जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री गीडा सेक्टर-11 स्थित श्रमिक आवासीय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। लगभग 18.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए कुल 96 फ्लैट बनाए गए हैं। तीन टावरों में निर्मित इन आवासों का आवंटन गीडा की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया है। आवासीय परिसर में सामुदायिक केंद्र, पार्क, खेल मैदान और व्यावसायिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।









