गोरखपुर: मां शाकंभरी भक्त मंडल ट्रस्ट ने वितरित किया ठंडा शरबत, सैकड़ों लोगों को मिली राहत

गोरखपुर के गोलघर स्थित इंदिरा बाल विहार तिराहे पर मां शाकंभरी भक्त मंडल ट्रस्ट द्वारा विशाल शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों राहगीरों और जरूरतमंदों को गर्मी से राहत पहुंचाई गई।

गोरखपुर: मां शाकंभरी भक्त मंडल ट्रस्ट ने वितरित किया ठंडा शरबत, सैकड़ों लोगों को मिली राहत
गोलघर स्थित इंदिरा बाल विहार तिराहे पर राहगीरों और जरूरतमंदों को ठंडा मीठा शरबत वितरित करते मां शाकंभरी भक्त मंडल ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य।
गोरखपुर: मां शाकंभरी भक्त मंडल ट्रस्ट ने वितरित किया ठंडा शरबत, सैकड़ों लोगों को मिली राहत

विभव पाठक

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। ज्येष्ठ मास की भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को गोलघर स्थित इंदिरा बाल विहार तिराहा सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं का केंद्र बन गया। मां शाकंभरी भक्त मंडल ट्रस्ट, गोरखपुर द्वारा आयोजित विशाल ठंडा मीठा शरबत वितरण कार्यक्रम में सैकड़ों राहगीरों, श्रमिकों, दुकानदारों और जरूरतमंद लोगों को शरबत वितरित कर गर्मी से राहत पहुंचाई गई।

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारी और सदस्य पूरे उत्साह एवं समर्पण भाव से सेवा कार्य में जुटे रहे। तपती धूप में सड़क से गुजर रहे लोगों, रिक्शा चालकों, मजदूरों, यात्रियों, महिलाओं और बुजुर्गों को श्रद्धापूर्वक शीतल शरबत वितरित किया गया। भीषण गर्मी में यह आयोजन लोगों के लिए राहत की ठंडी फुहार साबित हुआ।

कार्यक्रम संयोजक विशेष जोशी ने कहा कि मां शाकंभरी अन्न, जल, हरियाली और लोकमंगल की देवी मानी जाती हैं। गर्मी में प्यासे लोगों को शीतल पेय उपलब्ध कराना मां की सच्ची आराधना है। उन्होंने कहा कि सेवा से न केवल जरूरतमंदों को राहत मिलती है बल्कि समाज में सहयोग और करुणा की भावना भी मजबूत होती है।

संस्था के सचिव आशीष जोशी ने कहा कि धर्म का सबसे सुंदर स्वरूप सेवा है और प्यासे को जल पिलाना भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया।

संस्था के कोषाध्यक्ष संजीव सुलतानिया ने कहा कि ट्रस्ट सेवा को साधना और जनकल्याण को धर्म मानकर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था इसी प्रकार के सामाजिक और जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।

कार्यक्रम में संजय रामरायका, सुशील सोंथालिया, पुरुषोत्तम रामरायका, संजय टिबरेवाल, दीपक रामरायका, लक्ष्मी जोशी, वसुंधरा, रोहन, सूरज वर्मा, कैलाश सराफ और गणेश गुप्ता सहित अनेक भक्तजन उपस्थित रहे और सेवा कार्य में सक्रिय योगदान दिया।

शरबत वितरण के दौरान मां शाकंभरी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। राहगीरों ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता और सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।