रोडवेज कर्मचारियों का उबाल: तीसरे दिन भी गेट मीटिंग, 28 अप्रैल को धरना का ऐलान
गोरखपुर में रोडवेज कर्मचारियों ने तीसरे दिन भी गेट मीटिंग और जनजागरण किया। मांगें पूरी न होने से नाराज़ कर्मचारियों ने 28 अप्रैल 2026 को बड़े धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश के प्रांतीय महामंत्री गिरीश चंद्र मिश्रा के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की क्षेत्रीय कार्यशाला में तीसरे दिन भी गेट मीटिंग, आम सभा और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कार्यशाला के बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई।
सभा की अध्यक्षता शाखा कोषाध्यक्ष शशिकांत ने की, जबकि संचालन प्रांतीय प्रतिनिधि अजय कुमार ने किया।
अजय कुमार ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बताया कि परिषद के महामंत्री द्वारा 15 मार्च 2026 को मांग पत्र भेजकर उत्तर प्रदेश शासन के परिवहन विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक से मांगों को जल्द पूरा करने का अनुरोध किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि शासन और निगम प्रबंधन की इस उदासीनता से कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, जिसके चलते अब आंदोलन ही एकमात्र विकल्प बचा है। कर्मचारियों को यह भी बताया गया कि कुछ नए आदेश ऐसे जारी किए गए हैं, जिनसे निगम और उसमें कार्यरत कर्मचारियों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
सभा में मौजूद कर्मचारियों से अपील की गई कि वे संगठन के साथ मिलकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए तैयार रहें। इसी क्रम में 28 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को संगठन की प्रमुख मांगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और आगे की रणनीति पर भी चर्चा की गई।









