केंद्रीय सचिवालय सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने टिकैतनगर सीएचसी, अरुवा व पंसारा पंचायत का किया भ्रमण
निष्पक्ष जन अवलोकन। रत्नाकर पाण्डेय। बाराबंकी। केंद्रीय सचिवालय सेवा के प्रशिक्षु सहायक अनुभाग अधिकारियों की 38 सदस्यीय टीम ने टिकैतनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), ग्राम पंचायत अरुवा तथा पंसारा ग्राम पंचायत का भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम में शामिल अधिकारी भारत सरकार के लगभग 25 विभिन्न मंत्रालयों/विभागों में कार्यरत हैं। यह दौरा एसआईआरडी लखनऊ के सहायक निदेशक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सीएचसी टिकैतनगर में अधीक्षक डॉ. विजय पटेल, डॉ. यूनुस एवं डॉ. रुचि जैन सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, प्रसूति कक्ष (डिलीवरी रूम), मातृ एवं शिशु सुरक्षा व्यवस्था, पोषण एवं खानपान संबंधी प्रबंधों की जानकारी दी। अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति को समझा। इसके पश्चात टीम ने ग्राम पंचायत अरुवा का दौरा किया, जहां पंचायत भवन, आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की जानकारी दी गई। ग्राम प्रधान श्री राजेंद्र एवं पंचायत सचिव संदीप उपस्थित रहे। ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) शिवजीत तथा सहायक विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने गांव में विभिन्न योजनाओं का सर्वे कराते हुए अधिकारियों को विस्तार से जानकारी प्रदान की। शाम के समय प्रशिक्षु अधिकारियों ने पंसारा ग्राम पंचायत में निर्मित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद अमृत सरोवर का भी भ्रमण किया। इस दौरान लघु सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुमित मौर्या एवं पंचायत सचिव रंजीत कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। अधिकारियों को अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत किए गए कार्यों एवं जल संरक्षण के प्रयासों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षु अधिकारियों में रजनी, अनामिका, स्नेहा, सोनम, सत्यम, सर्वोत्तम, केशव, अंकित, शुभम, मुकुल, संजय, सत्येंद्र, इकरार, रजत सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। दौरे के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीण विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।









