भदोही में बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त
निष्पक्ष जन अवलोकन।
अनिल तिवारी।
भदोही। जनपद में आगामी 18 फरवरी से शुरू हो रहे यूपी बोर्ड परीक्षा को निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार के कुशल मार्गदर्शन व निर्देशन में अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्टेटिक मजिस्ट्रेट ,केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों के साथ तैयारी बैठक सम्पन्न हुआ। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एडीएम ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शासन की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रहें, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापकों की होगी तथा परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी नकल या गड़बड़ी की शिकायत मिली तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने आगामी बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत चल रही तैयारियों के बारे में संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि18 फ़रवरी से 12 मार्च 2026 तक कुल 15 परीक्षा दिवस में परीक्षा होगी। प्रथम पाली प्रातः 08:30 बजे से 11:45 बजे तक ,द्वितीय पाली अपरान्ह 02:00 बजे से 05:15 बजे तक होगी। छात्रों की कुल संख्या-55688 है जिसमें 27545 हाईस्कूल,28143 इन्टरमीडिएट के परीक्षार्थी है। 94 परीक्षा केंद्र है जिसमें 03 राजकीय,22 सहायता प्राप्त, 69 वित्तविहीन मान्यता है। जोन 3,सेक्टर 12, स्टैटिक 94 मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भी परीक्षा अवधि के दौरान नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। एडीएम ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए।जिले में आगामी यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन की है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रश्नपत्रों के वितरण से लेकर परीक्षा संपन्न होने तक हर चरण में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-सी चूक भी बड़ी समस्या बन सकती है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने भरोसा जताया कि प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस के समन्वय से परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सभी केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट ,स्टेटिक मजिस्ट्रेट, वाह्य/ केंद्र व्यवस्थापक, सचल दल के प्रभारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।