अब रिजल्ट दिखेगा—नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, अपराधियों पर सख्ती और जनता को त्वरित राहत का भरोसा
गोरखपुर में नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने मीडिया से बातचीत में जीरो टॉलरेंस, टेक्निकल पुलिसिंग और फरियादियों को त्वरित राहत का भरोसा दिया।
विभव पाठक /ब्यूरो चीफ
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने मीडिया से रूबरू होते हुए अपनी प्राथमिकताओं और कार्ययोजना को स्पष्ट शब्दों में सामने रखा। उन्होंने कहा कि जनपद में पहले से चल रहे अच्छे कार्य आगे भी जारी रहेंगे, लेकिन पुलिसिंग को अब और अधिक प्रभावी, पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाया जाएगा। शासन और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों का अक्षरशः पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि आम जनता को बेहतर सर्विस और बेहतर डिलीवरी देना उनका मुख्य लक्ष्य है। थाना दिवस, जनसुनवाई और थानों पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण यथासंभव थाना स्तर पर और तय समयसीमा में सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि फरियादियों को बार-बार भटकना न पड़े।
अपराधियों पर सीधा वार, पुराने बदमाश रहेंगे ट्रैक पर
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ शासन की मंशा के अनुरूप अभियान चलाए जाएंगे। पुराने और सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर लगातार निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए टेक्निकल टीम और इंटेलिजेंस यूनिट को पूरी तरह सक्रिय किया जाएगा, ताकि अपराध होने से पहले ही उस पर नियंत्रण लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जमीन पर उसका असर दिखेगा।
नए आरक्षी, नई ऊर्जा
एसएसपी ने बताया कि आने वाले नए आरक्षियों को आधुनिक और स्मार्ट पुलिसिंग में लगाया जाएगा। इससे थानों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और जनता को तेजी से राहत मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि युवा फोर्स और बेहतर समन्वय से पुलिसिंग को और मजबूत किया जाएगा।
सीमाओं पर बढ़ेगा तालमेल
अंतर्जनपदीय सीमाओं को लेकर एसएसपी ने कहा कि पड़ोसी जिलों के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा, ताकि अपराधियों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त रणनीति अपनाकर अपराध नियंत्रण को और सशक्त बनाया जाएगा।
साइबर फ्रॉड पर त्वरित कार्रवाई
ऑनलाइन ठगी के मामलों को लेकर एसएसपी ने जनता से अपील की कि जैसे ही साइबर फ्रॉड की जानकारी मिले, बिना देरी किए तुरंत पुलिस को सूचना दें। जितनी जल्दी सूचना मिलेगी, उतनी जल्दी संबंधित खातों को होल्ड कराकर धनराशि रोकी जा सकती है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में देरी नुकसान को बढ़ा देती है।
जाम से राहत और त्योहारों पर नजर
शहर की ट्रैफिक समस्या को लेकर उन्होंने बताया कि एसपी ट्रैफिक के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं और आगे ठोस कार्ययोजना बनाकर जाम से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा। आने वाले होली पर्व को देखते हुए उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जल्द ही बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
सही को सही, गलत को गलत
एसएसपी ने दो टूक कहा, “किसी को विशेष तवज्जो नहीं मिलेगी। सही को सही और गलत को गलत माना जाएगा।” उन्होंने कहा कि पुलिस समाज और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाती है और उसी सोच के साथ काम किया जाएगा।
काम से दिखेगा फर्क
मीडिया वार्ता में उन्होंने बार-बार दोहराया कि उनका फोकस बोलने से ज्यादा काम और रिजल्ट पर है। वहीं अनौपचारिक बातचीत के दौरान बालों को लेकर किए गए सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में जवाब दिया—“वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हैं, तो उसी हिसाब से बाल भी दिखने चाहिए,” जिससे सभागार में ठहाके गूंज उठे।
मीडिया वार्ता के बाद यह स्पष्ट हो गया कि नई कप्तानी में अनुशासन, तकनीक, तेज कार्रवाई और जवाबदेही ही गोरखपुर पुलिसिंग की पहचान बनने जा रही है।









