रनिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई,50 लाख का गांजा बरामद प्लास्टिक के बर्तन बेचने की आड़ में चल रही थी तस्करी,दो गिरफ्तार
निष्पक्ष जन अवलोकन।
अंकित तिवारी।
कानपुर देहात।जनपद में नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए थाना रनिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रायपुर कुकहट क्षेत्र से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 94 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में आर्यन पुत्र अमर सिंह (30 वर्ष) निवासी सचेंडी, कानपुर नगर तथा अनुज कुमार पुत्र दीपक (22 वर्ष) निवासी हरजिंदर नगर, लाल बंगला, थाना चकेरी, कानपुर नगर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोपेड वाहन भी बरामद किए हैं। थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी प्लास्टिक के बर्तन बेचने की आड़ में क्षेत्र में फेरी लगाते थे और इसी आड़ में गांजे की तस्करी करते थे। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रायपुर कुकहट स्थित एक बंद पड़ी फैक्ट्री में छापा मारा, जहां से करीब एक कुंतल गांजा बरामद किया गया। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और अपने निर्देशन में पूरे मामले की जांच कराई। पुलिस ने मौके पर फर्द तैयार कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेते हुए अग्रेत्तर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।