मंत्री प्रतिभा शुक्ला की सख्ती का असर: लापरवाह प्रधानाध्यापक सस्पेंड, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
निष्पक्ष जन अवलोकन।
अंकित तिवारी।
कानपुर देहात। प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री व सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला की सख्ती का बड़ा असर देखने को मिला है। मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय शुक्लनपुरवा के औचक निरीक्षण में प्रधानाध्यापक अमित कुमार अग्निहोत्री के अनुपस्थित मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों और शिक्षकों ने शिकायत की कि प्रधानाध्यापक अक्सर स्कूल से नदारद रहते हैं और रनिया में निजी व्यवसाय चलाते हैं। विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में ढिलाई देखकर मंत्री ने मौके पर नाराजगी जताई और इसे बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बताया। मंत्री के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अमरौधा ईश्वरकांत मिश्रा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। बीएसए ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट मिलते ही नियमानुसार आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और लापरवाह शिक्षकों में भय का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री और प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए विद्यालय में नियमित पढ़ाई और शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह सख्ती जारी रही तो सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में बड़ा सुधार संभव है।