सिसहनिया घोपलापुर में गंदगी का अंबार, किसानों की जमीन पर फेंका जा रहा कचरा
निष्पक्ष जन अवलोकन। पचपेडवा विकासखंड (बलरामपुर)के ग्राम पंचायत सिसहनिया घोपलापुर में गंदगी की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। गांव में महीनों तक सफाई कर्मी नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे चारों ओर कूड़े-कचरे का ढेर लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जब कभी सफाई कर्मी आते भी हैं, तो नियमित सफाई करने के बजाय प्रधान के निर्देश पर गांव की गंदगी सीधे किसानों के खलिहान और कृषि भूमि पर डाल दी जाती है। जिस स्थान पर किसान अपनी फसल की मड़ाई और अनाज निकालने का कार्य करते हैं, वहीं अब गंदगी का अंबार लगा दिया गया है। इससे न केवल किसानों की मेहनत पर असर पड़ रहा है, बल्कि अनाज की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। गंदगी से उठने वाली दुर्गंध और कीटाणुओं के कारण ग्रामीणों में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। गांव की सड़कों की हालत भी बेहद खराब है। कई जगह सड़कें टूटी हुई हैं और जलभराव की समस्या बनी रहती है, जिससे आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही हैं। बारिश के समय हालात और भी खराब हो जाते हैं, जब कीचड़ और पानी मिलकर पूरे गांव को अस्वच्छ बना देते हैं। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इस संबंध में संवाददाता ने अधिकारी मोहित दुबे से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि वह इस मामले को तत्काल पंचायत तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित करेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, किसानों की जमीन पर कचरा फेंकना बंद कराया जाए तथा टूटी सड़कों और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि गांव को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।









