रामगढ़ताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बंद मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, ₹4.70 लाख नगद बरामद

गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर ₹4.70 लाख नगद और अन्य सामान बरामद किया।

रामगढ़ताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बंद मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, ₹4.70 लाख नगद बरामद
रामगढ़ताल थाना में पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार दोनों शातिर चोरों को पेश करते हुए, बरामदगी और कार्रवाई की जानकारी देते अधिकारी।

विभव पाठक 

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर, 28 अप्रैल। रामगढ़ताल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बंद मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण बेचकर प्राप्त ₹4,70,000 नगद, एक मोटरसाइकिल, हथौड़ी और लोहे की सरिया बरामद की है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई। इस ऑपरेशन में उपनिरीक्षक आलोक सिंह और स्वाट टीम की अहम भूमिका रही।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शहजादे (निवासी तुर्कमानपुर) और अब्दुल सलाम (निवासी बसंतपुर, राजघाट) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही घरों में घुसकर जेवरात व नकदी चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी का सामान बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे।

पुलिस जांच में तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है, जिनमें प्रज्ञानगर बड़गो, कजाकपुर न्यू कॉलोनी और आजाद चौक क्षेत्र के बंद मकान शामिल हैं। इन मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज थे।

पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में पहले से दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।

बरामदगी में ₹4.70 लाख नकद, एक दोपहिया वाहन, एक लोहे की हथौड़ी और दो लोहे की सरिया शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, एसपी सिटी निमिष पाटिल ने प्रेस वार्ता में अवैध हुक्का बार संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार भी मौजूद रहे।