एमबीबीएस से आईपीएस तक का सफर: डॉ. कौस्तुभ ने संभाली गोरखपुर की कमान
गोरखपुर में नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कार्यभार संभाला। 2015 बैच के आईपीएस, एमबीबीएस डॉक्टर से आईपीएस तक का सफर, अपराध पर जीरो टॉलरेंस का ऐलान।
विभव पाठक /ब्यूरो चीफ
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। जनपद गोरखपुर को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। भारतीय पुलिस सेवा के 2015 बैच के तेजतर्रार अधिकारी डॉ. कौस्तुभ ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। ज्वाइनिंग आदेश कक्ष में उन्होंने एसपी सिटी अभिनव त्यागी से पदभार संभाला। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यभार ग्रहण करते ही नवागत एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता का भरोसा जीतना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और पुलिसिंग को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह व प्रभावी बनाया जाएगा।
डॉक्टर से आईपीएस बनने तक का प्रेरणादायक सफर
मूल रूप से बिहार की राजधानी पटना के निवासी डॉ. कौस्तुभ ने पहले चिकित्सा क्षेत्र में करियर चुना और एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया। प्रशिक्षण काल से ही उनकी पहचान एक अनुशासित, मेहनती और प्रोफेशनल अधिकारी के रूप में रही है। चिकित्सा पृष्ठभूमि से पुलिस सेवा में आने के कारण वे प्रशासनिक निर्णयों में मानवीय दृष्टिकोण को भी महत्व देते हैं।
गोरखपुर से रहा है पुराना नाता
डॉ. कौस्तुभ का गोरखपुर से पुराना और मजबूत नाता रहा है। जुलाई 2019 में वे गोरखपुर में एसपी सिटी के पद पर तैनात रह चुके हैं। उस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था सुधार, महिला सुरक्षा, संगठित अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर कई प्रभावी अभियान चलाए थे। उनके कार्यकाल को आज भी सख्त, सक्रिय और परिणामोन्मुखी पुलिसिंग के लिए याद किया जाता है।
कई जिलों में प्रशासनिक अनुभव
गोरखपुर के बाद डॉ. कौस्तुभ महाराजगंज, अंबेडकरनगर और जौनपुर जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। सीमावर्ती और संवेदनशील जिलों में कार्य करने का उन्हें व्यापक अनुभव है। इसके अतिरिक्त उन्होंने वाराणसी और सोनभद्र में भी महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाई हैं, जिससे उन्हें अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था संचालन का गहरा अनुभव प्राप्त हुआ है।
सम्मान और उपलब्धियां
उत्कृष्ट सेवाओं और सराहनीय कार्यों के लिए डॉ. कौस्तुभ को वर्ष 2021 में डीजीएस कमेंडेशन डिस्क (सिल्वर) तथा वर्ष 2023 में डीजीएस कमेंडेशन डिस्क (गोल्ड) से सम्मानित किया जा चुका है, जो उनकी कार्यक्षमता और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
मंदिर दर्शन और पुलिस लाइन निरीक्षण
कार्यभार ग्रहण करने से पहले नवागत एसएसपी सर्किट हाउस से गोरखनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया। इसके बाद पुलिस लाइन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भी मत्था टेका। पुलिस लाइन में उन्होंने वर्दी स्टोर, आवास, शस्त्रागार और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिना कार्य इधर-उधर घूम रहे कुछ पुलिसकर्मियों को उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के संकेत दिए।
प्लास्टिक बोतलों पर सख्त रोक
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने निर्देश दिया कि पुलिस लाइन और कार्यालयों में प्लास्टिक की बोतलों का प्रयोग पूरी तरह बंद किया जाएगा। पानी कांच के गिलास में ही उपलब्ध कराया जाएगा।
ज्वाइनिंग के दौरान एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ लाइन अरुण कुमार एस सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।