कर्री में श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ

निकली भव्य कलश यात्रा

कर्री में श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ

संत कबीर नगर,06 फरवरी। उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के विधानसभा क्षेत्र खलीलाबाद के ग्राम कर्री में आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ प्रथम दिवस श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में हुआ। इस अवसर पर ग्राम कर्री से बाबा तामेश्वरनाथ धाम तक भव्य एवं श्रद्धामय कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सदर विधायक अंकुर राज तिवारी के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया।

कलश यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। यज्ञ के प्रथम दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए बाबा तमेश्वरनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कलश यात्रा को सफल बनाया। इस अवसर पर अंकुर राज तिवारी ने कहा कि श्री विष्णु महायज्ञ जैसे दिव्य अनुष्ठान न केवल क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और पारंपरिक संस्कारों को भी सुदृढ़ करते हैं। ऐसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं समाज को एक सूत्र में बांधने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ती हैं। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में विशेष उत्साह देखा गया।