कांवरिया खुले में शौच करने को विवश

कांवरिया खुले में शौच करने को विवश

निष्पक्ष जन अवलोकन। राम शंकर वर्मा। रामनगर , बाराबंकी। रामनगर क्षेत्र के सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा में चल रहे फगुनी मेले में प्रशासन भले ही चाक-चौबंद व्यवस्थाओं का दावा कर रहा हो, लेकिन मेला मैदान की हकीकत कुछ अलग ही तस्वीर पेश कर रही है। लोधौरा चौराहे से मेला मैदान जाने वाले मार्ग पर भारी कीचड़ और जलभराव बना हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं और दुकानदारों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को मेला निरीक्षण के दौरान कीचड़ व जलभराव की समस्या को तत्काल दूर कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए थे, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है।मेला मैदान में टाउन एरिया की ओर से खड़ा किया गया मोबाइल टॉयलेट गंदगी से भरा है और उसमें पानी की व्यवस्था भी नहीं है। अस्थायी शौचालयों के आसपास जलभराव और गंदगी फैली हुई है तथा शौचालय का पानी बाहर मैदान में बह रहा है, जिससे दुकानदारों व कांवरियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। हालात यह हैं कि कई कांवरिया खुले में शौच करने को विवश हैं।दुकानदार विनोद ने बताया कि स्वच्छ पेयजल के लिए बोरिंग तो कराई गई, लेकिन मशीन अभी तक नहीं लगाई गई है, जिससे लोगों को स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा। वहीं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के लिए लगाए गए विभिन्न टाउन एरिया के टैंकर भी मेला क्षेत्र में खाली खड़े हैं। पुलिस चौकी के पूरब दिशा में बना रैनबसेरा भी जर्जर हालत में पड़ा है। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान इसके रंग-रोगन व मरम्मत के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है।उधर लोक निर्माण विभाग द्वारा शुक्रवार रात बनाई गई मानक विहीन सड़क दूसरे ही दिन उखड़ने लगी। दुकानदारों का कहना है कि बालू पर ही आनन-फानन में सड़क बना दी गई, जो शनिवार को ही जगह-जगह से टूटने लगी। उखड़ी हुई गिट्टियों से नंगे पैर आने वाले कांवरियों के पैरों में चोट लगने की आशंका बनी हुई है।मेला क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। अब देखना यह है कि प्रशासन इन समस्याओं का समाधान कब तक करा पाता है।