बिल्सी के सुंदर नगर गांव में रचा गया इतिहास, हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची दुल्हन -परिवार का सपना हुआ साकार,

निष्पक्ष जन अवलोकन

बिल्सी के सुंदर नगर गांव में रचा गया इतिहास, हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची दुल्हन -परिवार का सपना हुआ साकार,

बिल्सी/बदायूं । बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव सुंदर नगर में बुधवार-गुरुवार को एक अनोखी और यादगार शादी चर्चा का विषय बनी रही। सुंदर नगर निवासी इंजीनियर अमित चौहान के परिवार का सपना था कि बारात भी खास हो और बहू का गृह प्रवेश भी ऐतिहासिक अंदाज़ में हो। परिवार की यही इच्छा थी कि दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव लाया जाए-और आखिरकार यह सपना हकीकत में बदल गया। बुधवार को अमित चौहान की बारात सुंदर नगर से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हुई थी। विवाह संपन्न होने के बाद गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे दूल्हा-दुल्हन को लेकर हेलीकॉप्टर सीधे गांव पहुंचा। जैसे ही हेलीकॉप्टर उतरा, पूरे इलाके में उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तालियों और फूलों के साथ नवविवाहित जोड़े का गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों के अनुसार, सुंदर नगर में यह पहला मौका है जब कोई दुल्हन हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची हो। इस दृश्य को देखने के लिए आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और हर कोई इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करता नजर आया। सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम हेलीकॉप्टर लैंडिंग को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। हेलीपैड के आसपास बैरिकेडिंग की गई थी और पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। बताया गया कि अमित चौहान, धर्मवीर चौहान के पुत्र हैं और अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। परिवार ने इस शादी को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारी की थी, जो अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।