जिलाधिकारी ने किया तहसील मानिकपुर का औचक निरीक्षण
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट ।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग द्वारा आज तहसील मानिकपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर की व्यवस्थाओं, चकबंदी कार्यालय तथा न्यायिक कक्षों का सघन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिवक्ता परिसर का भ्रमण किया। बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर परिसर में इंटरलॉकिंग कार्य और टीन शेड के स्थान पर पक्के चैंबर निर्माण की मांग की। अधिवक्ताओं ने अवगत कराया कि ग्रीष्म ऋतु में अत्यधिक ताप के कारण कार्य करने में कठिनाई होती है। जिलाधिकारी ने मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए इनके निस्तारण का आश्वासन दिया और उप जिलाधिकारी मानिकपुर को निर्देशित किया कि प्रस्तावित कार्यों का साडा के माध्यम से अविलंब एस्टीमेट तैयार कराएं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बार एसोसिएशन चुनाव के उपरांत दीवारों और परिसर में लगाए गए विज्ञापनों व पंपलेटों को तत्काल हटाया जाए। पानी की टंकी से हो रहे रिसाव को तत्काल ठीक करने तथा शौचालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने सहायक चकबंदी अधिकारी के कक्ष का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चकबंदी के निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति जांची और अभिलेखों का अवलोकन किया, एवं ग्राम पंचायत एचवारा के गाटा संख्या तथा काश्तकारों की जानकारी प्राप्त की। चकबंदी आकार पत्र-23 के निरीक्षण के दौरान उन्होंने 'जोत प्रारंभ होने के वर्ष' वाले कॉलम को अनिवार्य रूप से भरने के निर्देश दिए। सहायक चकबंदी अधिकारी ने अवगत कराया कि धारा 27 के अंतर्गत ग्राम खरौद की चकबंदी प्रक्रिया पूर्ण करने की अंतिम तिथि मार्च निर्धारित की गई है। तहसीलदार कोर्ट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित वादों की स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने 3 वर्ष से अधिक पुराने लंबित वादों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार तारीख देना उचित नहीं है। उन्होंने एक विशिष्ट पुराने मामले को 15 दिवस के भीतर निस्तारित करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि धारा 34 (नामांतरण) से संबंधित कोई भी पत्रावली अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। जिलाधिकारी ने बंदीगृह का भी निरीक्षण किया और तहसील प्रशासन को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं गति लाने की हिदायत दी। तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा न्यायालय उप जिलाधिकारी के कक्ष का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि न्यायालय में जो समय निर्धारित किया गया है, निर्धारित समय पर बैठकर निस्तारण कराएं। तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा संग्रह अनुभाग, अभिलेखागार भूलेख का निरीक्षण किया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी दस्तावेजों का स्कैन हुआ है कि नहीं जानकारी लिए उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेज सीरियल वाइज़ रखें, जिससे कि ढूँढने में समस्या न होने पाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मानिकपुर मुहम्मद जसीम, उपजिलाधिकारी न्यायिक पूजा गुप्ता, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।