ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते समय बाइक फिसली, महिला की दबकर मौत
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा।
रामनगर बाराबंकी। महादेवा–बिंदौरा–परसपुर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद बहराइच के थाना जरवल रोड अंतर्गत ग्राम भिज्जूपूरवा निवासी 55 वर्षीय नगीना पत्नी शिवचरण अपने पुत्र के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। जैसे ही वे बिंदौरा–परसपुर गांव के पास पहुंचीं, तभी सामने चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के दौरान सड़क किनारे फैले कीचड़ में बाइक फिसल गई। असंतुलित होने पर महिला ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गई, जिससे सिर कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का पुत्र बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय एवं महादेवा चौकी प्रभारी अभिनंदन पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे कीचड़ और खराब स्थिति को हादसे का कारण बताते हुए नियमित सफाई और मरम्मत की मांग की है। पुलिस ने मौके पर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है।