दिनदहाड़े मोहम्मद शोएब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस व एसटीएफ

दिनदहाड़े मोहम्मद शोएब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस व एसटीएफ

निष्पक्ष जन अवलोकन | योगेश  जायसवाल

बाराबंकी। माफिया मुख्तार अंसारी के पूर्व करीबी और बताए जाने वाले शार्प शूटर मोहम्मद शोएब उर्फ बॉबी की शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के असैनी मोड़ पर उस समय हुई, जब वह अपनी बलेनो कार से लखनऊ से वापस बाराबंकी लौट रहे थे। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने पहले शोएब की कार को घेर लिया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल शोएब को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

मोहम्मद शोएब उर्फ बॉबी का नाम वर्ष 1999 के चर्चित जेलर आर.के. तिवारी हत्याकांड में सामने आया था। हालांकि बाद में वह अदालत से बरी हो गए थे। बताया जा रहा है कि पिछले लगभग 15 से 20 वर्षों से उन्होंने अपराध जगत से दूरी बना ली थी और बाराबंकी में अधिवक्ता के रूप में कार्य कर रहे थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।