अधिशासी अभियंता ने किया उपखंड कार्यालय व कैंपों का निरीक्षण, 54 उपभोक्ताओं ने जमा किए 7.8 लाख रुपये
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिशासी अभियंता (वाणिज्य) रमेश चंद्र भारती ने शुक्रवार को बिल्सी उपखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों की जांच की तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के दिधौनी और परौली गांव में आयोजित विद्युत समाधान कैंपों का भी जायजा लिया। कैंप में उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने कर्मचारियों को विद्युत बिल समाधान योजना में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता ने बिल्सी कस्बे में उपभोक्ताओं से सीधे संपर्क कर विद्युत चोरी के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी रोकने के लिए सघन अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उपखंड के अंतर्गत आयोजित कैंप में 54 उपभोक्ताओं ने कुल 7.8 लाख रुपये जमा कर बकाया बिलों का निस्तारण कराया। अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी समाधान कैंप जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और राजस्व वसूली में वृद्धि हो। इस मौके पर उपखंड अधिकारी जयप्रकाश राजपूत तथा अवर अभियंता गजेंद्र पाल सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।