गृह विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न

गृह विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न

निष्पक्ष जन अवलोकन।

अनिल तिवारी।

भदोही। भारत भारती इंटर कॉलेज, गोपीगंज में गुरुवार को इंटरमीडिएट की छात्राओं का गृह विज्ञान का प्रायोगिक परीक्षा (प्रैक्टिकल) सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर छात्राओं ने प्रैक्टिकल कक्ष को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया और विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट एवं लजीज व्यंजन तैयार किए। छात्राओं द्वारा बनाए गए व्यंजनों की शिक्षकों ने भरपूर सराहना की। व्यंजन तैयार होने के बाद गृह विज्ञान की शिक्षिका रेशमा ने केक काटकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा उनके प्रयासों की प्रशंसा की। प्रैक्टिकल में अर्शला ने कटोरी चाट, सानिया ने चाउमीन, आशमा ने गुलाब जामुन, अलशीफा, आंचल और रहनुमा ने चूड़ा-मटर, अंजली और तन्वी ने समोसा, इरम ने छोला, खुशनुमा ने शाही टुकड़ा, शिफा ने खीर, सानिया और पायल ने हलुआ, साक्षी और अलीशा ने कटलेट एवं ढोकला, सना ने छोला-भटूरा तथा प्रीति ने आलू टिकिया और ब्रेड पकौड़ा तैयार किया। सभी छात्राओं के व्यंजन उत्कृष्ट रहे। कॉलेज के सभी अध्यापकों ने व्यंजनों का स्वाद लेकर छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की। गृह विज्ञान की शिक्षिका रेशमा ने बताया कि गृह विज्ञान एक ऐसा विषय है जिसमें पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण बातों की शिक्षा मिलती है। यह केवल पाक कला या घर के रख-रखाव तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्ति को समाज और परिवार में स्वयं को सुसंगठित एवं सुसंस्कृत ढंग से प्रस्तुत करना भी सिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि गृह विज्ञान में पाक कला का विशेष महत्व है। भोजन बनाते समय स्वच्छता का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है, साथ ही भोजन में पोषक तत्वों की पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। कॉलेज के प्रबंधक माता प्रसाद चौबे एवं सभी अध्यापकों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रयासों की खुले मन से प्रशंसा की।