बिल्सी में एसडीएम न्यायालय का बहिष्कार तीन दिन और बढ़ा
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। तहसील बार एसोसिएशन की ओर से एसडीएम प्रशासन के विरोध में चल रहा न्यायिक कार्य बहिष्कार बुधवार को पुनः तीन दिन के लिए बढ़ा दिया गया। इस संबंध में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह एवं महासचिव ज्ञान सिंह त्यागी ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो उसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। पदाधिकारियों का कहना है कि अधिवक्ताओं की मांगों को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक अधिवक्ताओं की मांगें पूरी नहीं की जातीं और व्यवहार में सुधार नहीं होता, तब तक एसडीएम न्यायालय का बहिष्कार जारी रहेगा। महासचिव ज्ञान सिंह त्यागी ने कहा कि यह आंदोलन अधिवक्ताओं की एकजुटता का प्रतीक है और इसे शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान बार एसोसिएशन के अखिलेश सक्सेना, वीरपाल सिंह, सलीम मिया, योगेश विसारिया, रामनाथ शर्मा, सतेंद्र पाल सिंह, प्रमोद गोस्वामी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।