डीएम ने भेलसर-टिकैतनगर-रामनगर-फतेहपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का किया स्थलीय निरीक्षण
निष्पक्ष जन अवलोकन
रत्नाकर पांडेय
बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने राज्य मार्ग-127 के अंतर्गत भेलसर-टिकैतनगर-रामनगर-फतेहपुर मार्ग में प्रस्तावित चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। लगभग 91.87 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत पोल शिफ्टिंग एवं मार्ग में बाधक वृक्षों के पातन की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप इन कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और परियोजना समय पर पूर्ण हो सके।
जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण में डाली जा रही जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) परत का निरीक्षण कर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप ही संपादित किए जाएं। इसके साथ ही निर्माण एजेंसी द्वारा स्थापित प्लांट का भी अवलोकन किया तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित परीक्षण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके पूरा होने से भेलसर, टिकैतनगर, रामनगर और फतेहपुर के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-01 के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अन्य संबंधित अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









