9 फरवरी को सैदनपुर के पास सडक दुर्घटना में घायल की मौत

9 फरवरी को सैदनपुर के पास सडक दुर्घटना में घायल की मौत

निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। सिरौली गौसपुर तहसील क्षेत्र के सैदनपुर में 9 फरवरी को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल अतहर अली की गुरुवार, 12 फरवरी को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। उन्हें बलरामपुर अस्पताल, लखनऊ में भर्ती कराया गया था। इस दुर्घटना में उनकी पत्नी की भी 9 फरवरी को ही मृत्यु हो गई थी।सैदनपुर गांव में सोमवार, 9 फरवरी की शाम करीब 6 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। संयुक्त चिकित्सालय में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया था, जिनमें अतहर अली की पत्नी भी शामिल थीं।घायल अतहर अली को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था। वहां से उन्हें ट्रामा सेंटर भेजा गया। 10 फरवरी को स्वास्थ्य में सुधार न होने पर परिजन उन्हें बलरामपुर अस्पताल ले गए और भर्ती कराया, जहां गुरुवार देर शाम उनका निधन हो गया।जानकारी के अनुसार, घायल अतहर अली अपनी पत्नी के साथ कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के किंतूर गांव में एक मंगनी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों पति-पत्नी अपने घर लौट रहे थे, तभी वे इस हादसे का शिकार हो गए। अतहर अली के पांच बेटे और चार बेटियां हैं। सभी बेटियों की शादी हो चुकी है और तीन बेटों की भी शादी हो गई है।अतहर अली घर पर ही किराना की दुकान चलाते थे, जिससे परिवार की आय में सहयोग मिलता था। उनका बड़ा बेटा एक निजी मदरसे में पढ़ाता है, जबकि परिवार के कुछ अन्य सदस्य रोजगार के सिलसिले में दूसरे प्रदेशों में कार्यरत हैं।