राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की जयंती पर समाज सुधार के आदर्शों को किया गया नमन

राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की जयंती पर समाज सुधार के आदर्शों को किया गया नमन

निष्पक्ष जन अवलोकन

रामशंकर वर्मा

बाराबंकी। सरदार पटेल संस्थान, बाराबंकी में छत्रपति शाहू महाराज फाउंडेशन के तत्वावधान में राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की जयंती धूमधाम एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों ने शाहू महाराज के सामाजिक, शैक्षिक और जनकल्याणकारी योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद तनुज पुनिया ने अपने संबोधन में कहा कि राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज ने अपने शासनकाल में समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए। उनके द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मुख्य वक्ता प्रो. सीताराम सिंह ने शाहू महाराज के समाज सुधार संबंधी कार्यों का विस्तार से उल्लेख करते हुए विधवा पुनर्विवाह, अंतरजातीय विवाह को मान्यता, अस्पृश्यता उन्मूलन, महिलाओं को संपत्ति में अधिकार तथा नौकरियों में आरक्षण जैसी ऐतिहासिक पहल को सामाजिक न्याय की दिशा में मील का पत्थर बताया।

विशिष्ट वक्ता प्रो. प्रवीण कुमार ने महात्मा ज्योतिबा फुले, राजर्षि शाहू महाराज एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के बीच सामाजिक परिवर्तन की वैचारिक कड़ी को रेखांकित किया। उन्होंने बाबा साहब की शिक्षा तथा 'मूकनायक' समाचार पत्र के प्रकाशन में शाहू महाराज द्वारा दिए गए आर्थिक सहयोग का भी उल्लेख किया। प्रो. अनिल विश्रांत ने शाहू महाराज के कार्यों का ऐतिहासिक एवं साहित्यिक दृष्टिकोण से विश्लेषण किया। कवि अम्बरीश अम्बर एवं कवि प्रदीप महाजन ने अपनी कविताओं के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. मुनेश कुमार ने की। उन्होंने शाहू महाराज द्वारा निःशुल्क प्राथमिक शिक्षा, छात्रवृत्ति एवं छात्रावासों की स्थापना को शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी पहल बताया। फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि सचिव डॉ. अखिलेश पटेल ने मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा, डॉ. विवेक वर्मा, संतोष वर्मा, हफीज़ भारती, राजेश कुमार वर्मा, एडवोकेट आर.पी. गौतम सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।