पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम,परिक्षेत्र बांदा द्वारा परेड का किया गया निरीक्षण
निष्पक्ष जन अवलोकन हमीरपुर - पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम,परिक्षेत्र बांदा,राजेश एस द्वारा जनपद के परेड ग्राउंड में आयोजित शुक्रवार की परेड का विधिवत निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम महोदय द्वारा परेड की सलामी ली गई तथा परेड में सम्मिलित अधिकारी व कर्मचारियों की ड्रेस, टर्नआउट,शस्त्र संचालन, अनुशासन एवं एकरूपता का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। पुलिस बल की कार्यकुशलता एवं सामूहिक समन्वय को सुदृढ़ करने हेतु टोलीवार ड्रिल कराई गई तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश प्रदान किए गए। पुलिस बल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ एवं अन्य व्यायाम गतिविधियाँ भी कराई गईं। महोदय द्वारा कहा गया कि उत्तम स्वास्थ्य एवं अनुशासन ही प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है।इसके उपरांत पुलिस उपमहानिरीक्षक महोदय द्वारा यूपी 112 पीआरवी चार पहिया वाहनों, दंगा नियंत्रण उपकरणों, सुरक्षा संसाधनों एवं संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण भी किया गया। उपकरणों की कार्यशीलता, रख-रखाव एवं आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, कानून संबंधी ज्ञान एवं व्यवहारिक दक्षता का आकलन करते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए गए। महोदय द्वारा पुलिस ऑफिस, पुलिस लाइन्स एवं थानों से परेड में सम्मिलित अधिकारियों व कर्मचारियों सहित रिक्रूट आरक्षियों के साथ सम्मेलन कर संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रशासनिक एवं संचालन संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा,अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी मौदहा, क्षेत्राधिकारी सरीला, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन्स हमीरपुर, आरटीसी प्रभारी, समस्त आईटीआई/पीटीआई तथा अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।