बरगढ़ में अतिक्रमण हटाओ अभियानः एसडीएम के नेतृत्व में चली जेसीबी, सड़क किनारे बने अवैध निर्माण हटाए गए

बरगढ़ में अतिक्रमण हटाओ अभियानः एसडीएम के नेतृत्व में चली जेसीबी, सड़क किनारे बने अवैध निर्माण हटाए गए
बरगढ़ में अतिक्रमण हटाओ अभियानः एसडीएम के नेतृत्व में चली जेसीबी, सड़क किनारे बने अवैध निर्माण हटाए गए

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। मऊ तहसील क्षेत्र के अंतर्गत बरगढ़ रेलवे बैरियर से लेकर थाना बरगढ़ के आगे तक तथा स्टेशन रोड पर बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। उपजिलाधिकारी मऊ राम ऋषि रमन के नेतृत्व में जेसीबी मशीन लगाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटवाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे बने चबूतरे, टीनशेड, गेट तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन द्वारा बताया गया कि कार्रवाई से पूर्व संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से भी स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर जेसीबी मशीन की सहायता से कार्रवाई की गई।उपजिलाधिकारी ने अतिक्रमणकारियों को निर्देश दिया कि शेष अवैध कब्जों को स्वयं हटा लें, अन्यथा आगामी चरण में प्रशासन द्वारा उन्हें हटाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध जुर्माना एवं कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण दोनों मार्गों पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। स्टेशन रोड पर किए गए अवैध कब्जों के कारण रेलवे स्टेशन का दृश्य भी प्रभावित हो रहा था। ग्रामीण लंबे समय से अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार अखिल पांडेय, थाना प्रभारी रीता सिंह सहित पुलिस बल एवं राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उपजिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।