आठवें एवं अंतिम बड़े मंगल पर क्षेत्रभर में सजे भंडारे, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा
रामनगर (बाराबंकी)। ज्येष्ठ माह के आठवें एवं अंतिम बड़े मंगलवार के अवसर पर रामनगर क्षेत्र के हनुमान मंदिरों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। दिनभर श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, छोले-चावल, बूंदी एवं शरबत का प्रसाद वितरित किया जाता रहा। इस दौरान क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे नचना गांव के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर प्रोपराइटर पवन सिंह एवं प्रबंधक रुद्र प्रताप सिंह द्वारा आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं को छोले-चावल एवं बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि तेज प्रताप सिंह ‘गुड्डू’, सभासद अवनीश मिश्रा, युवा नेता नरेंद्र प्रताप सिंह ‘टिल्लू’, दुर्गेश सिंह, विशाल सिंह, विवेक सिंह, अवधेश सिंह एवं श्यामू अवस्थी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
रामनगर-सहादतगंज मार्ग स्थित इंडियन गैस गोदाम पर प्रोपराइटर अवधेश शुक्ला, अभिषेक शुक्ला एवं अभिनव शुक्ला द्वारा आयोजित भंडारे में पूड़ी-सब्जी एवं बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बद्री विशाल त्रिपाठी एवं सामाजिक कार्यकर्ता रामलखन अवस्थी सहित अनेक लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में धर्मानंद द्विवेदी, जगजीवन प्रसाद, राजेश तिवारी, विकास शुक्ला, अतुल वर्मा, अवनीश सिंह एवं पुरुषोत्तम मिश्रा का विशेष योगदान रहा।
इसके अलावा बड़ी बाजार मोड़, रामनगर-फतेहपुर मार्ग, लोधेश्वर महादेवा, मोहल्ला कादिराबाद, शुक्ला मार्केट गणेशपुर, सिरकौली, टिहुर्की तथा रानी मोहल्ला सहित अनेक स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रकार के प्रसाद वितरित किए गए।
वहीं पक्का तालाब स्थित हनुमान मंदिर, पीजी कॉलेज स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, बरियारपुर स्थित झाड़ूले दास मंदिर, चंदनापुर एवं रानी बाजार स्थित हनुमान मंदिरों सहित क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
दिनभर बजरंगबली के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान रहा और हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारों में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ अर्जित किया।









