जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई: पान मसाला कारोबारी के प्रतिष्ठान पर छापा, बिक्री संबंधी दस्तावेज जब्त
निष्पक्ष जन अवलोकन
रत्नाकर पांडेय
बाराबंकी। कर चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राज्य कर (जीएसटी) विभाग की अयोध्या एसआईबी टीम ने बुधवार को बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र स्थित आलियाबाद में पान मसाला कारोबारी जुनैद इंटरप्राइजेज पर छापेमारी की। कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व डीसी एसआईबी अल्पना वर्मा ने किया। उनके साथ असिस्टेंट कमिश्नर राजीव नीलगिरि, संगीता कुमारी, लवकुश सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
विभागीय टीम ने जांच के दौरान प्रतिष्ठान से बिक्री संबंधी बड़ी संख्या में पर्चियां, अभिलेख एवं अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में लिए। अधिकारियों द्वारा जब्त अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है, ताकि कर देयता एवं संभावित कर अपवंचन (टैक्स चोरी) का आकलन किया जा सके।
विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में कर संबंधी अनियमितताओं की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि अंतिम निष्कर्ष दस्तावेजों की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे। विभाग द्वारा जब्त अभिलेखों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा कर चोरी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों का यह भी कहना है कि पान मसाला कारोबार से जुड़े कुछ व्यापारियों की गतिविधियां विभाग की निगरानी में हैं और यह कार्रवाई कर चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के व्यापारिक वर्ग में चर्चा का माहौल है। फिलहाल विभाग जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने में जुटा हुआ है।









