रायबरेली पुलिस की बड़ी कामयाबी: चौकी इंचार्ज की सतर्कता से 2 शातिर चोर गिरफ्तार, 15,300 रुपये बरामद
निष्पक्ष जन अवलोकन
धीरेन्द्र कुमार
रायबरेली, 28 फरवरी 2026।
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए रायबरेली पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सराहनीय कार्य किया है। चौकी इंचार्ज एवं उनकी टीम की सक्रियता और तत्परता से घटना का सफल अनावरण कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, वादी प्रशांत वर्मा पुत्र ओमप्रकाश निवासी शाहजादे कोठी, थाना कोतवाली नगर ने अपनी वर्मा इंजीनियरिंग नामक दुकान (लखनऊ-प्रयागराज हाईवे, गोल चौराहा के पास) में हुई चोरी की सूचना दी थी। 18/19 फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसकर दराज में रखे लगभग 25-26 हजार रुपये व अन्य कागजात चुरा लिए थे। मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी इंचार्ज के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर 28 फरवरी 2026 को मामा तिराहा के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 15,300 रुपये बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों में
मो. शरीफ उर्फ मो. हसन (जनपद प्रतापगढ़)
मो. मुदस्सिर उर्फ रिजवान (जनपद बहराइच)
शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
चौकी इंचार्ज और पुलिस टीम की सराहना
इस सफल खुलासे में चौकी इंचार्ज सहित थाना कोतवाली नगर की टीम की अहम भूमिका रही। उनकी सक्रियता, सूझबूझ और तकनीकी जांच के चलते ही घटना का शीघ्र खुलासा संभव हो सका। स्थानीय व्यापारियों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और इसे कानून-व्यवस्था के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता बताया है।
पुलिस अधीक्षक ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।