चित्रकूट में NH-35 पर खोह ROB निर्माण कार्य पुनः प्रारम्भ, अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य

चित्रकूट में NH-35 पर खोह ROB निर्माण कार्य पुनः प्रारम्भ, अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया चित्रकूट।जनपद चित्रकूट में राष्ट्रीय राजमार्ग-35 के किमी 107.000 से 148.000 (कालूपुर–लालता रोड) खंड के अंतर्गत खोह रेलवे क्रॉसिंग (LC No. 499) पर रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण कार्य को गति मिल गई है। यह कार्य मूल रूप से वर्ष 2016 में स्वीकृत किया गया था, किन्तु रेलवे द्वारा डिजाइन एवं ड्राइंग संबंधी आपत्तियों तथा भूमि उपलब्धता से संबंधित समस्याओं के कारण कार्य प्रगति नहीं कर सका। बाद में उत्तर मध्य रेलवे द्वारा संशोधित GAD एवं डिजाइन/ड्राइंग को अनुमोदित किया गया तथा परियोजना की बढ़ी हुई लागत को देखते हुए Change of Scope (COS) की स्वीकृति प्राप्त हुई। वर्तमान में परियोजना की कुल स्वीकृत लागत लगभग ₹31.55 करोड़ है। परियोजना हेतु आवश्यक भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही वर्ष 2019 में पूर्ण कर ली गई थी, किन्तु भौतिक कब्जा प्राप्त न होने के कारण निर्माण कार्य बाधित रहा। जिलाधिकारी, चित्रकूट के सतत प्रयासों से अब दोनों ओर की आवश्यक भूमि का शांतिपूर्ण भौतिक कब्जा प्राप्त कर लिया गया है। भूमि उपलब्ध होने के उपरांत कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। वर्तमान में साइट पर सर्वेक्षण, मिट्टी कार्य, गुणवत्ता परीक्षण तथा अन्य प्रारंभिक निर्माण गतिविधियाँ प्रगति पर हैं। परियोजना को अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस ROB के निर्माण से क्षेत्र में रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, यातायात सुगम होगा तथा सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।