संत कबीर नगर में सड़क सुरक्षा माह के तहत अतिक्रमण हटाओ अभियान
यातायात नियमों के प्रति लोगों को किया गया जागरूक
संत कबीर नगर 19 फरवरी। उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में सड़क सुरक्षा माह के तहत गुरुवार को यातायात पुलिस ने मेहदावल बाईपास पर विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी यातायात प्रियम राजशेखर पाण्डेय की निगरानी में प्रभारी यातायात परमहंस के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान फुटपाथ किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, अनियमित ढंग से खड़े किए गए वाहन तथा अस्थायी वाहन स्टैंड हटवाए गए। पुलिस ने दुकानदारों और वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। इस अवसर पर लोगों को यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिस ने वाहन चलाते समय तीन सवारी न बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और ओवरस्पीड से बचने की अपील की। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग पर भी बल दिया गया। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अपने परिवार एवं परिचितों को भी सुरक्षित और जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।