चन्द्रकान्ति रमावती देवी आर्य महिला पीजी कॉलेज में छात्र कार्य परिषद 2025-26 का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
गोरखपुर स्थित चन्द्रकान्ति रमावती देवी आर्य महिला पीजी कॉलेज में छात्र कार्य परिषद 2025-26 के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं माल्यार्पण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। चन्द्रकान्ति रमावती देवी आर्य महिला पीजी कॉलेज में छात्र कार्य परिषद 2025-26 के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं माल्यार्पण समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
समारोह में अध्यक्ष अनुष्का, उपाध्यक्ष अनुष्का वर्मा, महामंत्री कृषिका पाण्डेय तथा सांस्कृतिक मंत्री हिना ने अपने पद एवं दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, महाविद्यालय में अनुशासन एवं स्वच्छता बनाए रखने, छात्राओं के हितों की रक्षा करने तथा महाविद्यालय द्वारा निर्धारित नियमों के पालन हेतु सदैव तत्पर रहने की शपथ ली।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम मुख्य नियंता एवं चुनाव अधिकारी डॉ. पवन कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। अपने उद्बोधन में उन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को उत्तरदायित्व, पारदर्शिता एवं समर्पण की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधक डॉ. विजयलक्ष्मी मिश्रा, प्राचार्य डॉ. सुमन सिंह, उपप्राचार्य डॉ. स्वपनिल पाण्डेय तथा आईक्यूएसी (IQAC) समन्वयक डॉ. रेखा श्रीवास्तव ने विजयी प्रत्याशियों को माल्यार्पण कर हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान कीं और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
समारोह में नियंता मंडल के सदस्यगण डॉ. रेखा रानी शर्मा, डॉ. दिव्या त्रिपाठी, श्रीमती आकृति सिंह, डॉ. मांगलिका त्रिपाठी, श्री अनंत पाठक, श्रीमती सोनू दुबे, श्रीमती पूजा गुप्ता, सुश्री सौम्या द्विवेदी, श्री पुनीत यादव एवं कामयाब जेहरा सहित महाविद्यालय के समस्त प्रवक्तागण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने छात्रहित एवं महाविद्यालय की प्रगति के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। पूरा समारोह सौहार्द, उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ सम्पन्न हुआ।