होली व रमजान को लेकर बेलहरा में पीस कमेटी बैठक, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील

निष्पक्ष जन अवलोकन | विजय राम जायसवाल

बेलहरा (बाराबंकी)। आगामी होली पर्व एवं रमजान के मद्देनजर नगर पंचायत बेलहरा स्थित पुलिस चौकी प्रांगण में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी **कार्तिकेय सिंह** ने की। उन्होंने उपस्थित नगरवासियों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की।

उपजिलाधिकारी ने कहा कि होलिका दहन निर्धारित स्थलों पर ही किया जाए। यदि किसी स्थान को लेकर विवाद की स्थिति हो तो तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके और त्योहार की खुशियों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने थाना क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए पर्व के दौरान शराब सेवन से परहेज करने की भी अपील की।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी धार्मिक स्थल के आसपास रंग का प्रयोग न किया जाए। दोपहर 2 बजे के बाद जुलूस निकालने और रंग खेलने पर रोक रहेगी। साथ ही डीजे पर अश्लील गीत बजाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी **जगत राम कनौजिया**, चौकी प्रभारी **अरविंद पटेल** सहित सुनील सोनी, विश्वनाथ मिश्र, नासिर खान समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने मिलकर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।