किरतपुर गांव में युवक ने जहरीला पदार्थ पीया, हालत गंभीर

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी): थाना क्षेत्र के किरतपुर गांव में एक 18 वर्षीय युवक द्वारा जहरीला पदार्थ पी लेने का मामला सामने आया है। युवक की पहचान अभिषेक पुत्र शंकर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अभिषेक ने अज्ञात कारणों के चलते खेतों में इस्तेमाल होने वाली खरपतवार नाशक दवा ‘पैराक्वाट’ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल फतेहपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी बार उठाया ऐसा कदम, परिजन चिंतित परिजनों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब अभिषेक ने ऐसा कदम उठाया हो। इससे पहले 1 जनवरी को भी उसने जहरीला पदार्थ पी लिया था, जिसके बाद उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद वह स्वस्थ होकर घर लौट आया था। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से परिजन काफी चिंतित हैं। युवक के इस कदम के पीछे के कारणों को लेकर परिवार असमंजस में है, वहीं गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। फिलहाल अभिषेक का इलाज जारी है और परिजन उसके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं।