“Scrub-Off से Pad-On तक” – गोरखपुर डॉक्टर प्रीमियर लीग-2026 का भव्य आगाज़
गोरखपुर में Gorakhpur Doctor Premier League 2026 का भव्य आगाज़। Scrub-Off & Pad-On थीम के साथ डॉक्टरों का क्रिकेट टूर्नामेंट 22 मार्च तक चलेगा।
विभव पाठक /ब्यूरो चीफ
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर।
चिकित्सा सेवा से खेल मैदान तक की प्रेरक यात्रा को दर्शाता “गोरखपुर डॉक्टर प्रीमियर लीग-2026” का भव्य उद्घाटन 22 फरवरी 2026 को सायं 6 बजे प्रकाश क्रिकेट ग्राउंड में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रमुख चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधन, मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों और गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस लीग की सबसे खास पहचान है “Scrub-Off & Pad-On” की अनूठी अवधारणा। इसका अर्थ है—ऑपरेशन थिएटर की स्क्रब छोड़कर क्रिकेट पैड पहन मैदान में उतरना। यह पहल इस बात का प्रतीक है कि डॉक्टर न केवल मरीजों की जान बचाते हैं, बल्कि स्वयं को फिट रखकर समाज को स्वस्थ जीवनशैली के लिए भी प्रेरित करते हैं।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कमलेश पासवान, राज्य मंत्री (ग्रामीण विकास) रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉक्टर समाज के सच्चे नायक हैं और खेल गतिविधियां उनके मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने इस आयोजन को स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक एकजुटता की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
उद्घाटन के पश्चात आयोजित Doctors Match ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। विभिन्न अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों के डॉक्टरों ने मैदान में आपसी सौहार्द, टीम भावना और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस प्रतियोगिता का आयोजन सिटी हॉस्पिटल एवं राजबंशी हॉस्पिटल द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। टूर्नामेंट 22 फरवरी से 22 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें शहर के विभिन्न अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों की टीमें भाग लेंगी।
आयोजकों के अनुसार, यह लीग केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, फिटनेस, मानसिक संतुलन और प्रोफेशनल लाइफ-बैलेंस का सशक्त संदेश है। लगातार व्यस्त दिनचर्या में भी यदि डॉक्टर खेल के माध्यम से ऊर्जा और सकारात्मकता बनाए रखते हैं, तो यह समाज के लिए प्रेरणा का विषय है।
गोरखपुरवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक संख्या में पहुंचकर “Scrub-Off से Pad-On” तक की इस प्रेरक यात्रा के साक्षी बनें और डॉक्टर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।