चौथे विशेष अभियान दिवस पर डीएम ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल करने के निर्देश
निष्पक्ष जन अवलोकन | विनय सिंह
बाराबंकी। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित चौथे विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सदर विधानसभा क्षेत्र 268 के मतदान केंद्र राम सेवक इंटर कॉलेज, लखपेड़ाबाग (भाग संख्या 435, 436, 437, 438, 439) का स्थलीय निरीक्षण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ पर उपस्थित बीएलओ से प्राप्त आवेदनों की स्थिति, मतदाता सूची के अद्यतन कार्य तथा हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को दी जा रही सहायता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक फार्म-6 भरवाने, प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध परीक्षण करने तथा लॉजिकल डिस्क्रिपेन्सी संबंधी नोटिसों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया।
इसी क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी **निरंकार सिंह** ने सदर एवं जैदपुर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधित बीएलओ को अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। जनपद की सभी विधानसभाओं में ईआरओ, एईआरओ एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा भी बूथों का भ्रमण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार दावा एवं आपत्ति अवधि के अंतर्गत रविवार को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। प्रत्येक मतदान केंद्र पर प्रातः 10:30 बजे से बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे। उनके पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के साथ फार्म-6, 6ए, 7 एवं 8 उपलब्ध रहे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई, जहां प्रपत्र भरने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। अभियान के दौरान पात्र नागरिकों ने नाम सम्मिलन, विलोपन एवं संशोधन से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन्हें बीएलओ द्वारा नियमानुसार प्राप्त कर अग्रसारित किया गया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मताधिकार के प्रति सजग रहते हुए मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।