चौकीदार से परिचारक तक पदोन्नति का मामला बना चर्चा का विषय


निष्पक्ष जन अवलोकन | विजय राम जायसवाल।

फतेहपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र के बड्डूपुर थाना अंतर्गत ग्राम भगौली स्थित किसान इंटर कॉलेज में चौकीदार की नियुक्ति और बाद में पदोन्नति का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य द्वारा एक कर्मचारी को कथित रूप से नियमों की अनदेखी करते हुए पदोन्नत किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनेश प्रताप सिंह नामक व्यक्ति की नियुक्ति वर्ष 1993 में चौकीदार के पद पर हुई थी। उस समय विद्यालय में चार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कार्यरत थे। आरोप है कि प्रधानाचार्य से नजदीकी संबंध होने के कारण कुछ वर्षों में ही उन्हें दफ्तरी बना दिया गया। हालांकि आधिकारिक रूप से वे दफ्तरी थे, लेकिन कार्य लिपिक का करते रहे।

अब हाल ही में उन्हें परिचारक पद पर पदोन्नत कर दिया गया है, जिसे लेकर ग्रामीणों में असंतोष है। गांव निवासी मोहनलाल पुत्र स्व. उमाशंकर गुप्ता ने इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत दस बिंदुओं पर जानकारी मांगी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रधानाचार्य द्वारा सादे कागज पर अपूर्ण और असत्य जानकारी उपलब्ध कराई गई।

मामले की शिकायत जिला विद्यालय निरीक्षक से भी की गई है। बताया जाता है कि कुछ प्रश्नों के जवाब देने के बाद विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट जानकारी देने से परहेज किया। शिकायतकर्ता ने विशेष रूप से चौकीदार से परिचारक पद पर पदोन्नति के नियमों और प्रक्रिया के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है।

विद्यालय प्रशासन द्वारा सूचना के अधिकार के तहत दी गई जानकारी पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि उच्चाधिकारी इस प्रकरण में क्या कार्रवाई करते हैं।