निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं उपचार शिविर आयोजित
निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर(बाराबंकी)क्षेत्र के ग्राम सिहाली के पंचायत भवन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं उपचार शिविर आयोजित हुआ। शिविर में तमाम ग्रामीणों ने लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके गांव में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना था। शिविर में डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों ने सामान्य बीमारियों की जाँच और आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया। इसके अतिरिक्त, शिविर में एचआईवी, वीडीआरएल और हेपेटाइटिसबी व सी जैसी गंभीर बीमारियों की मुफ्त जाँच सुविधा प्रदान की गई। इसका उद्देश्य लोगों को इन बीमारियों की समय रहते पहचान करने में सहायता करना था।क्षय रोग और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई।स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को इन बीमारियों के लक्षण,बचाव और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया ग्रामीणों ने पहली बार इस प्रकार की जाँच कराकर राहत महसूस की और स्वास्थ्य विभाग की पहल की सराहना की। कार्यक्रम की जानकारी और समन्वय में श्री कौशलेंद्र प्रताप सिंह गौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर के आयोजन में प्रधान अभय सिंह का विशेष सहयोग मिला।उन्होंने ग्रामीणों से भविष्य में ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने की अपील की। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।