अज्ञात बस से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, हाईवे पर लगा जाम
निष्पक्ष जन अवलोकन ।
रामशंकर वर्मा।
रामनगर (बाराबंकी) । रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांदा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रिलायंस पेट्रोल पंप के पास लखनऊ की ओर जा रही एक अज्ञात बस से गिरकर युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बस से नीचे गिर पड़ा, जिसके बाद बस उसे रौंदते हुए मौके से फरार हो गई।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। युवक काली लोवर और बनियान पहने हुए था। स्थानीय लोगों के अनुसार, बस लखनऊ की ओर जा रही थी और युवक अचानक नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बस की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।