स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जालौन देशभक्ति के रंग में रंगा

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जालौन देशभक्ति के रंग में रंगा

निष्पक्ष जन अवलोकन। मनीष सिंह जादौन उरई(जालौन)स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद जालौन देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगर में राष्ट्रीय एकता और गर्व का संदेश फैलाया। यात्रा की शुरुआत पुलिस लाइन से हुई, जहां सुबह से ही प्रशिक्षु आरक्षी, पुलिस अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक तिरंगा हाथों में लिए एकत्र हुए थे। यात्रा पुलिस लाइन से जिला परिषद, अम्बेडकर चौराहा, शहीद भगत सिंह चौराहा होते हुए टाउन हॉल मैदान पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिन्द” जैसे गगनभेदी नारे लगातार गूंजते रहे। पुलिस के प्रशिक्षु आरक्षियों के कदम से कदम मिलाते हुए शहरवासियों का जोश देखते ही बनता था। रंग-बिरंगे बैनर, तिरंगे झंडों की कतारें और राष्ट्रभक्ति के गीतों से सजा यह कारवां पूरे नगर को स्वतंत्रता दिवस के उल्लास में डुबो रहा था। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने टाउन हॉल मैदान पर सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा केवल आयोजन नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को श्रद्धांजलि और देश के प्रति हमारी निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए सदैव तत्पर रहें तथा इस अमूल्य आज़ादी की रक्षा को अपना सर्वोच्च कर्तव्य मानें।