यातायात पुलिस ने जन चौपाल लगा राहगीरों को किया जागरूक राहवीर बनने पर मिलेगा 25000 का इनाम

यातायात पुलिस ने जन चौपाल लगा राहगीरों को किया जागरूक राहवीर बनने पर मिलेगा 25000 का इनाम

निष्पक्ष जन अवलोकन। अरविन्द कुमार पटेल। ललितपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। बुधवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा तेरई फाटक क्षेत्र में 'जन चौपाल' का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने के लिए प्रेरित किया गया। घायलों की मदद करने पर मिलेगा पुरस्कार चौपाल में पुलिस अधिकारियों ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा संचालित "राहवीर" योजना की जानकारी दी। बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाता है, तो उसे सरकार की ओर से 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क पर मददगारों की संख्या बढ़ाना है। कोहरे और नशे में वाहन चलाने पर दी सख्त हिदायत क्षेत्राधिकारी यातायात राजेश श्रीवास्तव और यातायात पुलिस टीम ने वाहन चालकों को कोहरे के दौरान सावधानी बरतने के विशेष टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि: कोहरे में वाहन की गति धीमी रखें और फॉग लाइट/रिफ्लेक्टर का प्रयोग करें। नशे की हालत में वाहन चलाना (ड्रिंक एंड ड्राइव) एक गंभीर अपराध है, जिसके लिए कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। इन अधिकारियों की रही मौजूदगी अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में यातायात पुलिस के साथ तेरई फाटक चौकी प्रभारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व वाहन चालक उपस्थित रहे। पुलिस ने अपील की है कि "यातायात नियमों को अपनाना है, जनपद को दुर्घटना रहित बनाना है।"