विधायक ने 10 विद्यालयों को आदर्श बनाने का लिया संकल्प
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर मंगलवार को ग्राम प्रधान एवं प्रधानाध्यापकों की एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ विधायक हरीश शाक्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। विधायक ने अपने संबोधन में विभिन्न शैक्षिक योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विकास खंड अंबियापुर में कम से कम 10 विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे। खंड शिक्षा अधिकारी गौतम प्रकाश ने बताया कि विद्यालयों में कायाकल्प योजना के अंतर्गत कार्य तेजी से संचालित हो रहे हैं। वहीं, एसआरजी जसवीर सिंह ने विभागीय कार्यक्रमों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। संगोष्ठी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले दीननगर, शेखपुर, अंबियापुर, सिद्धपुर चित्रसेन सहित कई ग्राम प्रधानों को सम्मानित भी किया गया। शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शिक्षा की गुणवत्ता सुधार को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस मौके पर एसडीएम प्रेमपाल सिंह, सीडीपीओ राखी गुप्ता, एडीओ पंचायत दिनेश बाबू, एआरपी रमन सिंह, अरविंद कुमार जैन,सौरभ श्रीवास्तव,अमित गुप्ता, जयवीर सिंह, अगरपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।