श्री श्याम कीर्तन में गूंजे भजन, श्रद्धालु भक्ति में झूमे
निष्पक्ष जन अवलोकन संवाददाता : विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। बीती रात कोतवाली के निकट स्थित अग्रवाल ट्रैक्टर एजेंसी के प्रांगण में श्री श्याम कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। समाजसेवी सुनील कुमार अग्रवाल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में खेतान परिवार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्याम के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद श्याम भजन गायक आकाश गुप्ता और प्रखर शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा” और “खाटू वाले श्याम” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। भजनों की मधुर धुन और भक्तिमय माहौल ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर तालियां बजाते और भजनों पर झूमते नजर आए। इस दौरान बाबा श्याम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजक सुनील कुमार अग्रवाल ने बताया कि बाबा श्याम की कृपा से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसका उद्देश्य लोगों में भक्ति, प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलाना है। कार्यक्रम का समापन आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।








