वीआईपी नंबर के अवैध ई-सिम जारी करने वाले 2 साइबर अपराधी गिरफ्तार
निष्पक्ष जन अवलोकन संवाददाता : विनय सिंह बाराबंकी। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने अवैध तरीके से स्वैपिंग कर वीआईपी नंबरों के ई-सिम जारी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाने हेतु अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा दर्ज एक मुकदमे की जांच के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राकेश पाल पुत्र मेवालाल निवासी तिलक खेड़ा, थाना संडीला हरदोई हाल पता मकान नंबर-5, ग्रीन फेस-3, सूरजकुंड मंदिर, बुद्धेश्वर चौराहा, थाना पारा, लखनऊ तथा शुभम शुक्ला पुत्र स्व. गिरीश शुक्ला निवासी थानगांव, थाना थानगांव, सीतापुर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के कब्जे से कूटरचित सिम प्राप्त करने में प्रयुक्त चार अदद मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पूछताछ में अभियुक्तों ने बतायाकि राकेश पाल वीआईपी नंबरों की ई-सिम स्वैपिंग करने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड है। वह अपने साथी शुभम शुक्ला के साथ मिलकर संचार आधार ऐप का उपयोग करते हुए बीएसएनएल कर्मियों की लॉग-इन आईडी व पासवर्ड प्राप्त कर लेता था। इसके बाद करीब 101 मोबाइल नंबरों के ई-सिम कूटरचित तरीके से जारी किए गए। अभियुक्त इन ई-सिम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से 10 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक में बेचकर अवैध रूप से धन अर्जित करते थे।








