खेत में बकरियां घुसने के विवाद में युवक पर हमला, इलाज के दौरान मौत

खेत में बकरियां घुसने के विवाद में युवक पर हमला, इलाज के दौरान मौत

निष्पक्ष जन अवलोकन संवाददाता : विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरोलिया में खेत में बकरियां घुसने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान 45 वर्षीय युवक पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सतीश वर्मा (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 6 बजे सतीश अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव की कुछ बकरियां उनके खेत में लगी बांस की नर्सरी में घुस गईं और पौधों को चरने लगीं। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। उस समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन कुछ देर बाद विवाद फिर भड़क उठा। आरोप है कि जब सतीश खेत से घास लेने के लिए घर से निकले तो रास्ते में मुस्लिम, सरताज, मुस्ताक, सुहैल, अन्ना समेत दो महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार, ईंट तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी अवैध असलहा लहराते हुए जानमाल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सतीश को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार भोर में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कोतवाली प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी और सीओ जगतराम कनौजिया ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।